सीतापुर संदेश महल समाचार
ओवरटेक के दौरान तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के मुड़ियाखेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय मोहित बुधवार सुबह अपनी पत्नी आरती देवी और दो बच्चों के साथ बाइक से लहरपुर क्षेत्र के नवीनगर स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान सलारपुर-कटेश्वर मार्ग पर पीछे से आ रही एक वैगनआर कार ने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने आरती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मोहित की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों बच्चों को बेहतर उपचार के लिए लखीमपुर रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।