छठ पर्व पर रेलवे के विशेष इंतजाम, उत्तर रेलवे चलाएगा 94 स्पेशल ट्रेनें

जेपी रावत/मुरादाबाद संदेश महल समाचार। लोक आस्था के महापर्व छठ पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित सफर के लिए भारतीय रेलवे ने व्यापक इंतजाम किए हैं। उत्तर रेलवे की ओर से यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 94 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।इनमें 14 विशेष ट्रेनें मुरादाबाद मंडल से संचालित होंगी, जबकि 80 ट्रेनें मंडल से होकर गुजरेंगी और पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंचेंगी। इसके अलावा यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 50 से अधिक ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए गए हैं।यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो, इसके लिए मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर बनाए गए हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ के जवानों की 24 घंटे तैनाती की गई है। स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि छठ पर्व पर पूर्वोत्तर राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन से लेकर यात्रियों के सुरक्षित सफर तक रेलवे प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।इस दौरान यात्रियों राम प्रसाद और देवेंद्र ने भी रेलवे की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।