छठ पर्व को लेकर अलर्ट हुआ प्रशासन, डीएम-एसपी ने घाटों का किया निरीक्षण

संतकबीरनगर संदेश महल समाचार 

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी अनुल मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को जिले के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।डीएम और एसपी ने पक्का पोखरा, मोतीपुर चीनी मिल तिराहा, मगहर और बालूशासन स्थित छठ घाटों का भ्रमण किया। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और पार्किंग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराने और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही घाटों पर गोताखोरों और बचाव दल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए घाटों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर महिला पुलिसकर्मियों के साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती पर भी जोर दिया गया।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।