चंदौली में 3.92 करोड़ का सोना बरामद, दो गिरफ्तार

चंदौली संदेश महल समाचार

बिहार से कार में छिपाकर दिल्ली ले जाया जा रहा करीब 3.92 करोड़ रुपये कीमत का 2.565 किलोग्राम सोना पुलिस ने बरामद किया है। सदर कोतवाली पुलिस और SWAT/SOG टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हाईवे स्थित नवही पुलिया के पास चेकिंग के दौरान कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया। बरामद सोने के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
पुलिस के मुताबिक, टीम नवही पुलिया के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान KIA Carens कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार के गियर बॉक्स के नीचे एक गुप्त बॉक्स मिला। इसमें कपड़े की बेल्ट में सेलो टेप से लपेटकर सोने की दो सिल्लियां छिपाई गई थीं। दोनों सिल्लियों का कुल वजन 2 किलो 565 ग्राम निकला।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के सांगली निवासी जुबेर मुबारक शेख और हरियाणा के फतेहाबाद निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों बिहार से सोना लेकर दिल्ली जा रहे थे। सोने से संबंधित कागजात मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
प्रारंभिक जांच में बरामद सोना विदेश में निर्मित बताया जा रहा है। पुलिस ने सोना आगे की जांच के लिए राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) को सौंप दिया है। वहीं, आयकर विभाग वाराणसी की टीम भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां सोने के स्रोत, दिल्ली में इसकी डिलीवरी और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।