होटल के कमरे में युवक का शव मिलने से सनसनी,महिला और बच्चा फरार — पुलिस जांच में जुटी

रणजीत सिंह
बहराइच संदेश महल
यूपी के बहराइच जिले में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक होटल के कमरे में 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान महीप सिंह उर्फ भज्जी, निवासी थाना बौंडी, ग्राम बिसवां (जैता बाजार) के रूप में हुई है। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

महिला और पांच वर्षीय बच्चा सुबह ही होटल छोड़कर चले गए

घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के बंजारी मोड़ स्थित एक होटल की बताई जा रही है। होटल कर्मचारियों के अनुसार, महीप सिंह शुक्रवार देर रात एक महिला और लगभग 5 साल के बच्चे के साथ होटल में रुके थे।

होटल कर्मचारी सुशील मिश्रा ने बताया:

सुबह करीब 5 बजे महिला और बच्चा होटल से निकल गए थे। महीप कमरे में ही रुके रहे। दोपहर 11 बजे चेक-आउट का समय हुआ तो कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। जब स्टाफ कमरे में गया तो दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। अंदर बेड पर महीप मृत अवस्था में मिले।
इसके बाद होटल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने संभाली जांच

सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी नगर पहुंप सिंह ने बताया कि मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

सीओ ने कहा कि—

हत्या और आकस्मिक मौत, दोनों ही पहलुओं पर जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने कमरे से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।

महिला और बच्चा लापता, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, मृतक के साथ होटल में ठहरी महिला और बच्चा फिलहाल फरार हैं। उनकी पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए पुलिस होटल और आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ जारी है।पुलिस ने जनता से अपील की है कि:यदि किसी के पास महिला या बच्चे के संबंध में कोई सूचना हो, तो तुरंत नजदीकी थाने को जानकारी दें।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

महीप सिंह की मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच करती हुई इसे संवेदनशील मामला मानकर आगे बढ़ रही है।