वाराणसी संदेश महल समाचार
उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपये मूल्य की सोने और हीरे की ज्वेलरी के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक प्लेटफॉर्म संख्या 6 और 7 पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए मिले।
जीआरपी ने पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों के बैग की तलाशी ली। तलाशी में डायमंड जड़ी घड़ी, सोने की चेन, सोने की अंगूठियां समेत बड़ी मात्रा में कीमती आभूषण बरामद हुए। हालांकि, आरोपियों के पास इन आभूषणों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।
प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों के गुजरात निवासी होने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे यह ज्वेलरी सूरत से जौनपुर लेकर जा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आभूषण किसके हैं, इन्हें किसे सौंपा जाना था और इनके परिवहन के लिए आवश्यक दस्तावेज क्यों नहीं थे।
जीआरपी ने बरामद ज्वेलरी की सूचना आयकर विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को दे दी है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।