पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने की बैठकें 15 से 21 के बीच पंचायत चुनाव

रिपोर्ट
कार्यालय
संदेश महल

भाजपा पूरी ताकत से इस बार पंचायत चुनाव में उतरेगी। इस संबंध में 18 मंडलों के सम्मेलन करने बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पंचायत चुनाव की कार्ययोजना पर मंथन किया।

पंचायत चुनाव की तैयारी को लेकर 15 से 21 अक्तूबर के बीच जिला स्तर पर भाजपा की बैठकें होंगी। इनमें जिला पंचायत वार्ड के संयोजकों और ब्लॉक संयोजकों के अलावा सांसद,विधायक व प्रमुख नेता शामिल होंगे। इस सिलसिले में पार्टी जल्द ही ग्राम सभा संयोजक नियुक्त करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे मतदाता सूची बनवाने के काम में जुट जाएं। कोई व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रहे। पार्टी सतत प्रवास व संवाद के जरिये गांव व मजरों तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत गांव, गरीब, किसान की आत्मनिर्भरता का माध्यम बनेगी। आगामी दिनों में ब्लॉक स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों में पंचायत चुनाव की रणनीति को धरातल पर उतारा जाएगा।
प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि पार्टी पंचायत चुनाव लड़ेगी। इसके लिए जमीनी कार्य शुरू करना जरूरी है। कार्यकर्ताओं की सहभागिता से संगठन चुनाव में निश्चित सफलता प्राप्त करेगा। कार्यकर्ता इस समय पूरा जोर मतदाता सूची में सहयोग पर दें। बैठक में श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, विधि एवं कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र चौधरी सहित पंचायत चुनाव के क्षेत्रीय संयोजक शामिल हुए।