गेट खोलने को तैयार नहीं हुई सास ससुरालियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

आगरा संदेश महल
विवाहिता को दो महीने की बेटी के साथ ससुरालियों ने घर से निकाल दिया।बहू ससुराल के गेट पर ही धरने पर बैठ गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। मगर,सास ने गेट नहीं खोला। पुलिस को भी बैरंग लौटना पड़ा। मामले में दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता को पुलिस ने 12 घंटे बाद रिश्तेदार के घर में ठहराया है। मामला शाहगंज थाना क्षेत्र के सराय ख्वाजा का है।
विवाहिता शिकोहाबाद की निवासी बताया जा रहा है।तीन वर्ष पहले शाहगंज के युवक से विवाह हुआ था।उसकी दो महीने की बेटी है। पीड़िता का कहना है कि पति राशन डीलर हैं। शादी के बाद से ही ससुराली परेशान कर रहे हैं। पति के एक युवती से संबंध हैं। वह उसे घर में लाना चाहता है। ससुर भी अश्लील हरकत करता है। विरोध पर घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए। वह अपनी बच्ची को दूध पिला रही थी। इसका सीसीटीवी फुटेज ससुर ने वायरल कर दिया।एक महीने पहले पति छोड़कर चला गया। अब वह घर नहीं आ रहा है। इस कारण एक कमरे में रह रही है। सास-ससुर मदद नहीं करते हैं। घर से सामान लेने निकली थीं। वापस आई तो देखा कि सास बेटी को गेट के बाहर लेकर खड़ी है। उसके पहुंचने पर बेटी को नाले के पास लिटा दिया। इसके बाद घर का गेट अंदर से बंद कर लिया। उन्होंने घर में अंदर लेने के लिए गुहार लगाई। मगर, सास गेट खोलने को तैयार नहीं हुई। 112 पर कॉल करने पर पहुंची पुलिस ने भी गेट खुलवाने का प्रयास किया। मगर, ससुराल पक्ष की महिलाएं छत पर चढ़ गईं। पुलिस का वीडियो बनाने लगी। इस पर पुलिस लौट आई। 12 घंटे बाद तक बहू ने धरना दिया। एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि पीड़ित महिला को रिश्तेदार के घर में पहुंचाया गया है। वहीं ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ, छेड़छाड़ सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया है।