सदस्यता अभियान के नाम पर कोरम पूरा कर रहे हैं- भाजपाई

घनश्याम त्रिपाठी
संतकबीरनगर संदेश महल
भारतीय जनता पार्टी जहां रिकॉर्ड सदस्य बनाकर अपने आप को देश और दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी साबित करने में लगी है वही कुछ भाजपा के कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि सदस्यता अभियान को सिर्फ कागजी घोड़ा बनाकर रख दिए हैं। स्थानीय स्तर पर लोगों को सदस्य बनाने की ऐसी होड़ मची है कि सदस्य बनने वालो के बायोडाटा से ही छेड़छाड़ कर दिया जा रहा है ।ऐसा ही एक मामला धनघटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मझौरा निवासी घनश्याम त्रिपाठी के साथ हुआ। श्री त्रिपाठी को धनघटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक गणेश चंद्र चौहान के एक प्रतिनिधि द्वारा सदस्य बनाया गया लेकिन उन्हें इसकी जानकारी भी अभी नहीं हुई है। श्री त्रिपाठी का कहना है कि वह भाजपा की कब सदस्य बने इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है सिर्फ उनके मोबाइल नंबर से इन्हें सदस्य बना दिया गया। सदस्यता फॉर्म में उनके विषय में जो जानकारी दी गई है वह पूरी तरह असत्य है। श्री त्रिपाठी के नाम का उच्चारण गलत किया गया है साथ ही साथ पिन कोड भी गलत अंकित किया गया यही नहीं श्री त्रिपाठी की जन्म तिथि भी भ्रामक डाल दी गई ।श्री त्रिपाठी इस समय 62 वर्ष के हैं जबकि सदस्यता विवरण में उन्हें मात्र 34 साल का ही दर्शाया गया है।सदस्य बनने में इसी प्रकार का खेल कई लोगों के साथ हो चुका है। सदस्य बनाने वाले जिस प्रकार लोगों को भ्रमित कर सदस्य बना रहे हैं। इससे पार्टी की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। श्री त्रिपाठी का कहना है कि वह लगभग 4 दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं।उन्होंने कभी भी किसी भी राजनीतिक दल की सदस्यता नहीं ग्रहण किया लेकिन उन्हें भाजपा का सदस्य बना कर उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। जिसकी शिकायत वह भाजपा के उच्च पदाधिकारी के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों से भी करेंगे।