टेट अनिवार्यता के विरोध में सूरतगंज में शिक्षकों का प्रदर्शन

सूरतगंज बाराबंकी संदेश महल
टेट टीईटी अनिवार्यता के विरोध में सोमवार को विकासखंड सूरतगंज के शिक्षकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के आह्वान पर आयोजित बैठक में शिक्षकों ने वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टेट से छूट दिए जाने की मांग उठाई।

प्राथमिक विद्यालय करनपुर परिसर में टेट अनिवार्यता के खिलाफ प्रदर्शन

ब्लॉक अध्यक्ष अरविन्द प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षकों ने निर्णय लिया कि अपनी मांगों को लेकर महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, मुख्य न्यायाधीश तथा नेता प्रतिपक्ष को ज्ञापन, पोस्टकार्ड और ई-मेल के माध्यम से अवगत कराया जाएगा। शिक्षकों का कहना है कि 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टेट की अनिवार्यता से मुक्त किया जाना चाहिए।
इस संबंध में शिक्षकों ने 9 मार्च से 15 मार्च तक लगातार ज्ञापन भेजकर विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत रविवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र सूरतगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय करनपुर परिसर में एकत्र होकर शिक्षकों ने टेट अनिवार्यता के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।प्रदर्शन में अजीत प्रताप सिंह, आलोक कांत मिश्र, शकील अहमद, एम.आई. नादिम, पवन कुमार, संजय सिंह, अनूप चतुर्वेदी, तेज बहादुर यादव, जयराज वर्मा, शैलजा वर्मा, स्वाती शुक्ला, संतोष कुमार, अमिताभ सिंह, रूमाना तबस्सुम, अनूप कुमार, सितारा देवी, रंजना वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।