धार,मध्य प्रदेश संदेश महल
मध्य प्रदेश के धार जिले में एक ऐसा सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। मसाला व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या, जिसे पहले लूटपाट का मामला बताया गया था, अब पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा रची गई सोची-समझी साजिश निकली।
7 अप्रैल की रात 28 वर्षीय देवकृष्ण पुरोहित अपने घर में मृत पाए गए। उनके शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। शुरुआत में उनकी पत्नी प्रियंका पुरोहित ने पुलिस को बताया कि अज्ञात लुटेरे घर में घुसे और 3.5 लाख रुपये की लूट के दौरान हत्या कर दी।लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ने पर कहानी में कई झोल सामने आने लगे।
💔 शादीशुदा जिंदगी में दरार, अपमान और बेवफाई
परिजनों के अनुसार, देवकृष्ण और प्रियंका के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक की बहन ज्योति ने आरोप लगाया कि प्रियंका अक्सर अपने पति का अपमान करती थी और कहती थी—
“तुम काले हो, तुम मुझे डिजर्व नहीं करते।”
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि प्रियंका का राजगढ़ निवासी कमलेश पुरोहित के साथ अवैध संबंध था। दोनों ने मिलकर देवकृष्ण को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
🔪 1 लाख में सुपारी देकर कराई हत्या
पुलिस के अनुसार, कमलेश ने अपने साथी सुरेंद्र भाटी को इस साजिश में शामिल किया और देवकृष्ण की हत्या के लिए 1 लाख रुपये की सुपारी तय की गई। जिसमें से 50 हजार रुपये पहले ही दे दिए गए थे।
हत्या वाली रात घर का दरवाजा जानबूझकर खुला छोड़ा गया। आरोपी सुरेंद्र भाटी घर में घुसा और सोते समय देवकृष्ण पर हमला कर दिया। हत्या के बाद कमरे को अस्त-व्यस्त कर लूटपाट जैसा माहौल बनाया गया।
🎭 लूट की झूठी कहानी, लेकिन खुल गया राज
प्रियंका ने खुद को भी पीड़िता दिखाने के लिए शोर मचाया और बताया कि उसे बांध दिया गया था। लेकिन पुलिस को उसके बार-बार बदलते बयान पर शक हुआ।
घर की तलाशी में वही जेवर मिल गए, जिन्हें लूटे जाने की बात कही गई थी। मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन से प्रियंका और कमलेश के बीच संबंध और साजिश का खुलासा हो गया।कड़ी पूछताछ में प्रियंका ने पूरी साजिश कबूल कर ली।
👮 गिरफ्तारी और फरार आरोपी
पुलिस ने प्रियंका पुरोहित और कमलेश पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सुपारी किलर सुरेंद्र भाटी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
फॉरेंसिक जांच भी जारी है, जिससे यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या से पहले देवकृष्ण को कोई नशीला पदार्थ दिया गया था या नहीं।
😢 परिवार सदमे में, मां ने मांगा इंसाफ
इस हत्याकांड से मृतक का परिवार गहरे सदमे में है। मां खींची बाई ने आरोपियों को फांसी देने की मांग की है।
उन्होंने कहा, मुझे सिर्फ न्याय चाहिए।
बहन ज्योति ने भी कई गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि प्रियंका का व्यवहार लंबे समय से संदिग्ध था और वह देवकृष्ण को मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी।