
हीराराम सैन
सिरोही,राजस्थान संदेश महल
जिले की भटाना ग्राम पंचायत में स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय इन दिनों बदहाल स्थिति में है और भगवान भरोसे संचालित हो रहा है। यहां पिछले करीब दो महीनों से पशु चिकित्सक पुष्पेंद्र सिंह अवकाश पर हैं, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।जानकारी के अनुसार, चिकित्सालय का चार्ज संभाल रहे अधिकारी भी कभी मौके पर नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में पशु कम्पाउंडर बाबूलाल ही कभी-कभार चिकित्सालय खोलते हैं, जिससे नियमित उपचार व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।भटाना सहित आसपास के गांवों के किसान अपने पशुओं के इलाज, दवाइयों और टीकाकरण के लिए प्रतिदिन यहां पहुंचते हैं, लेकिन डॉक्टर के अभाव में उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है। इससे पशुपालकों में रोष व्याप्त है।इस संबंध में जब नोडल अधिकारी अमित चौधरी से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने मीटिंग का हवाला देकर फोन काट दिया, जिससे जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।वहीं, जिला पशु चिकित्साधिकारी मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि चिकित्सक के अवकाश पर होने के कारण व्यवस्था प्रभावित हुई है, लेकिन 1-2 दिनों में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कर दी जाएगी। साथ ही कम्पाउंडर की नियमित उपस्थिति भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भटाना पशु चिकित्सालय में जल्द से जल्द नियमित चिकित्सक की नियुक्ति की जाए, ताकि पशुपालकों को राहत मिल सके और पशुओं का समय पर उपचार हो सके।