वाराणसी संदेश महल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम से मुलाकात की। यह विशेष मुलाकात होटल ताज में हुई, जहां दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का स्वागत किया।
बैठक के दौरान भारत और मॉरीशस के बीच गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्तों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने शिक्षा, संस्कृति, निवेश और समुद्री सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मॉरीशस हमारे लिए सिर्फ एक मित्र देश नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा है। हमारी साझा विरासत और परंपरा हमें मजबूती से जोड़ती है।
प्रधानमंत्री डॉ. रामगुलाम ने भारत को सदैव मॉरीशस का सच्चा साथी बताते हुए कहा कि “भारत ने हर कदम पर हमारा साथ दिया है। चाहे वह विकास योजनाएँ हों या वैश्विक मंच, भारत का सहयोग हमारे लिए प्रेरणा है।
बैठक के बाद दोनों प्रधानमंत्रियों ने वाराणसी के सांस्कृतिक महत्व पर भी चर्चा की। पीएम मोदी ने अपने अतिथि को काशी के आध्यात्मिक स्वरूप और गंगा-जमुनी तहजीब से परिचित कराने की इच्छा जताई।
इस द्विपक्षीय वार्ता को भारत-मॉरीशस के बीच लंबे समय से चले आ रहे विश्वास और मित्रता संबंधों को और सशक्त बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।