खेत में काम करते समय करंट लगने से महिला की दर्दनाक मौत

सिरोही/भटाना राजस्थान संदेश महल समाचार

सिरोही जिले के भटाना-मंडार क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। भटाना के निकट मकावल ग्राम पंचायत के बूटडी गांव में खेत में काम करने के दौरान करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बूटडी निवासी श्रीमती मंजू कंवर पत्नी अर्जुन सिंह राव खेत में कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन तुरंत उन्हें रेवदर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही भटाना चौकी प्रभारी फगलूराम विश्नोई पुलिस स्टाफ के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को रेवदर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
भटाना चौकी प्रभारी फगलूराम विश्नोई ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।