बसपा प्रमुख ने केंद्र व राज्य सरकारों से की तत्काल राहत की अपील, पार्टी संगठन को तीन सेक्टर में बांटने की जानकारी दी।
लखनऊ संदेश महल
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और तूफान से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने केंद्र और संबंधित राज्य सरकारों से प्रभावित लोगों की हर स्तर पर मदद करने की अपील की। साथ ही महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को फौरी राहत देने की बात कही।
मायावती ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि पिछले कुछ दिनों से देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और तूफान के कारण जनता मुश्किल दौर से गुजर रही है। ऐसे प्राकृतिक संकट के समय संबंधित राज्य सरकारों को प्रभावित लोगों की पूरी मदद करनी चाहिए।
महाराष्ट्र के किसानों को राहत देने की मांग
बसपा प्रमुख ने महाराष्ट्र के कई इलाकों में सूखे की स्थिति का जिक्र करते हुए राज्य सरकार से प्रभावित लोगों, खासकर किसानों की जमीनी स्तर पर मदद करने और उन्हें तत्काल राहत देने का प्रयास करने को कहा। महाराष्ट्र सरकार ने हाल में राज्य के 358 में से 265 तहसीलों में सूखा घोषित किया है।
बसपा संगठन को तीन सेक्टर में बांटा
मायावती ने अपने पोस्ट में बसपा संगठन को तीन सेक्टरों में बांटे जाने की जानकारी भी दी। उनके मुताबिक, सेक्टर-1 में 10 राज्य शामिल हैं। इसकी जिम्मेदारी राज्यसभा सांसद रामजी गौतम और सुरेश राव को केंद्रीय सेक्टर प्रभारी के तौर पर दी गई है।
सेक्टर-2 में नौ राज्य रखे गए हैं। इन राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों की जिम्मेदारी पूर्व राज्यसभा सांसद राजाराम और पूर्व विधायक अतरसिंह राव को दी गई है।
वहीं, सेक्टर-3 में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को रखा गया है। इन दोनों राज्यों के संगठनात्मक कार्य लखनऊ स्थित बसपा केंद्रीय कैंप कार्यालय से सीधे देखे जाएंगे।
प्रभावित क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से मदद की अपील
मायावती ने सेक्टर-1 और सेक्टर-2 के केंद्रीय प्रभारियों से अपील की कि उनके अंतर्गत आने वाले राज्यों में जहां भारी बारिश और तूफान से जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहां पार्टी कार्यकर्ता अपनी सामर्थ्य के अनुसार लोगों की मदद करें।उन्होंने यह भी कहा कि राहत कार्य के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को अलग से धन एकत्र नहीं करना चाहिए, ताकि इसकी आड़ में किसी तरह का अनुचित लाभ न उठाया जा सके।
जरूरत पर ईशान आनंद को भेजने की बात
मायावती ने कहा कि ज्यादा प्रभावित प्रदेशों में जरूरत पड़ने पर बसपा के राष्ट्रीय प्रभारी ईशान आनंद को भेजा जा सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के हालात पर उनकी विशेष नजर है और जरूरत पड़ने पर वह स्वयं भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सकती हैं।
अंत में बसपा प्रमुख ने केंद्र सरकार से भी अधिक प्रभावित राज्यों की सरकारों को समय से पूरी मदद उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।