लखनऊ/ संदेश महल/ समाचार।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची में छूटे पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए संगठनात्मक स्तर पर अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यशाला में मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए रणनीति तैयार की गई। पार्टी का जोर ऐसे मतदाताओं तक पहुंचने पर है, जिनके नाम किसी कारणवश विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं।दरअसल, हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के बाद मतदाता सूची में हुए बदलावों को लेकर कुछ आंकड़े प्रस्तुत किए थे। उनके दावे के मुताबिक प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.65 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कट गए हैं।मुख्यमंत्री के दावे के अनुसार, हटाए गए नामों में करीब 66 लाख ऐसे मतदाता हैं, जिनके नाम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। वहीं, करीब 55 लाख ऐसे लोगों का भी उल्लेख किया गया है, जो सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।इन आंकड़ों के सामने आने के बाद भाजपा ने पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान को गति देने की तैयारी की है। पार्टी संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी दी जा सकती है।विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची का यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि भाजपा का प्रस्तावित अभियान मतदाता सूची में छूटे पात्र नामों को जोड़ने में कितना प्रभावी साबित होता है।