जलालाबाद में 19 नवंबर से चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान, 112 टीमें घर-घर खिलाएंगी दवा

कन्नौज संदेश महल समाचार

जिले में फाइलेरिया बीमारी के संक्रमण को रोकने के लिए 19 नवंबर से विशेष दवा सेवन अभियान चलाया जाएगा। सात दिसंबर तक चलने वाला यह अभियान जलालाबाद ब्लॉक में संचालित होगा। अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई।बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाए। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जाए, जिससे लोग दवा सेवन के महत्व को समझ सकें।अभियान को सफल बनाने के लिए 112 टीमें और 22 सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को एल्बेंडाजोल, डीईसी और आइवरमेक्टिन की खुराक देंगी। हालांकि, गर्भवती महिलाओं, गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों और एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों को अभियान के तहत दवा नहीं दी जाएगी। इसके अलावा किसी भी व्यक्ति को खाली पेट दवा नहीं खिलाई जाएगी।जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ग्राम प्रधानों, कोटेदारों, शिक्षकों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अभियान में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों तक दवा पहुंचाई जा सके और फाइलेरिया संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सके।