मैनपुरी में 16 नवंबर से शुरू होगा स्व-गणना अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों को पहले दिन ही गणना पूरी करने के निर्देश

मैनपुरी संदेश महल समाचार

जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिले में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों को 16 नवंबर को ही अपनी स्व-गणना पूरी करने के निर्देश दिए हैं।शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।डीएम ने बताया कि स्व-गणना अभियान पूरा होने के बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इसके लिए प्रत्येक प्रगणक को प्रतिदिन 10 से 15 परिवारों की स्व-गणना कराने का लक्ष्य दिया गया है।जिलाधिकारी ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को जनगणना के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष शिविर और हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना के महत्व और स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी कर सकें।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।