पेट्रोल पंप से नकदी लेकर लापता युवक सकुशल बरामद, पुलिस कर रही पूछताछ

जेपी रावत बाराबंकी संदेश महल समाचार
जनपद के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र स्थित सूरतगंज कस्बे के इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से करीब 7 लाख 97 हजार 880 रुपये लेकर लापता हुआ युवक गुरुवार को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। युवक के मिलने से परिजनों और पेट्रोल पंप संचालक ने राहत की सांस ली है। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक बैंक में नकदी जमा कराने के लिए निकला था। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने मोहम्मदपुर खाला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया और विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की। लगातार प्रयासों के बाद गुरुवार को पुलिस ने युवक को नकदी सहित सकुशल बरामद कर लिया।युवक के मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों और पेट्रोल पंप संचालक ने राहत व्यक्त की। हालांकि पुलिस अब यह जानने का प्रयास कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में लापता हुआ, इस दौरान वह कहां-कहां रहा और उसके साथ कोई अप्रिय घटना हुई या मामला किसी अन्य कारण से जुड़ा है।मोहम्मदपुर खाला थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि युवक को नकदी सहित बरामद कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। युवक के बयान तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।