लखनऊ संदेश महल समाचार
पिसावां थाना क्षेत्र के फुकहा गांव में सोमवार सुबह बकाया रुपये और पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति के सिर में चोट आई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फुकहा गांव निवासी धर्मपाल पुत्र बदले ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह वह अपने घर से मढ़िया जा रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर मोनू और रजनीश ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने धर्मपाल से राशन के बकाया रुपये मांगे।
धर्मपाल के बाद में रुपये देने की बात कहने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विरोध करने पर मोनू और रजनीश ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में धर्मपाल के सिर में चोट आई।
घटना के बाद पीड़ित थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि घायल का उपचार कराने के साथ मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।