प्रयागराज: उमर अहमद के काफिले पर दबंगई का आरोप, 28 वाहन चालकों पर FIR

प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को लखनऊ से प्रयागराज लाए जा रहे काफिले में शामिल वाहनों पर नवाबगंज टोल प्लाजा पर दबंगई करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने 28 वाहन चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
घटना रात करीब 3:50 बजे नवाबगंज टोल प्लाजा के बूथ नंबर-3 पर बताई जा रही है। पुलिस एस्कॉर्ट के साथ उमर अहमद को प्रयागराज लाया जा रहा था। सरकारी वाहनों के गुजरने के बाद काफिले में शामिल कई निजी वाहन टोल प्लाजा पहुंचे।
टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जयप्रकाश यादव की शिकायत के मुताबिक, वाहन चालकों ने टोल शुल्क देने से इनकार कर दिया और बैरियर तोड़कर तेज रफ्तार में निकल गए। इससे टोल बैरियर क्षतिग्रस्त हो गया।
आरोप है कि कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने की कोशिश की तो उनके साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। कुछ वाहन चालकों पर कर्मचारियों को वाहन से कुचलने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि काफिले में शामिल कई वाहनों की नंबर प्लेट गायब या अधूरी थी। पुलिस ने मामले में 28 वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।