कलेक्टर की नाराजगी के बाद भी अस्पताल भवन का रंग-रोगन तैयार, हैंडओवर की तैयारी

सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार

जिले के भटाना क्षेत्र में निर्माणाधीन सरकारी अस्पताल के नए भवन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि भवन का निर्माण कार्य पूरी तरह समाप्त होने से पहले ही उसे अंतिम रूप देने की तैयारी की जा रही है। रंग-रोगन का कार्य भी लगभग पूरा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 5 अगस्त 2026 को मेंथीपुरा स्कूल में तीन शेड के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर ने भटाना क्षेत्र का दौरा किया था। इसी दौरान उन्होंने मेंथीपुरा-पादर के निर्माणाधीन नए सरकारी अस्पताल भवन का आंशिक निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान भवन में कथित तौर पर घटिया सामग्री के इस्तेमाल और दीवारों पर दरारें दिखाई देने को लेकर जिला कलेक्टर ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर कड़ी फटकार लगाई थी। वहीं, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी सुमेर सिंह भाटी को भी भवन की स्थिति को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए थे। कलेक्टर ने भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित होने तक उसे हैंडओवर नहीं लेने की बात कही थी।
इसके बावजूद अब निर्माण एजेंसी की ओर से अस्पताल भवन का काम जल्द पूरा कर उसे हैंडओवर करने की तैयारी किए जाने की बात सामने आ रही है। भवन पर रंग-रोगन का कार्य भी किया जा रहा है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर द्वारा जताई गई आपत्तियों और दिए गए निर्देशों के बाद भवन की गुणवत्ता की दोबारा जांच की जाएगी? क्या रेवदर ब्लॉक चिकित्सा प्रशासन भवन की गुणवत्ता और निर्माण कार्य की स्थिति का सत्यापन करने के बाद ही हैंडओवर लेगा, या निर्माण कार्य को जल्द पूरा कर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी? इसका जवाब आने वाले समय में सामने आएगा।
मामले में संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।