बाराबंकी के असेनी गांव में स्थित समाधि और बारादरी को शासन ने किया संरक्षित स्मारक घोषित, कभी लखनऊ से बाराबंकी तक फैली थी असेनी स्टेट की रियासत
जेपी रावत/संदेश महल समाचार
इतिहास की अनमोल विरासत को आखिरकार सरकारी संरक्षण की पहचान मिल गई है। बाराबंकी के असेनी गांव में स्थित करीब 128 वर्ष पुरानी राजा कुंवर गिरधारी सिंह की समाधि और ऐतिहासिक बारादरी को उत्तर प्रदेश सरकार ने संरक्षित स्मारक घोषित कर दिया है। शासन के इस फैसले से न केवल जिले की ऐतिहासिक धरोहर को नई पहचान मिलने की उम्मीद जगी है, बल्कि लंबे समय से उपेक्षा का दंश झेल रही इस इमारत के कायाकल्प का रास्ता भी खुल गया है।
जिला मुख्यालय से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित यह ऐतिहासिक स्थल कभी अपनी भव्यता, स्थापत्य कला और खूबसूरती के लिए जाना जाता था। गोकुलपुर-असेनी स्टेट के तालुकेदार राजा कुंवर गिरधारी सिंह की स्मृति में निर्मित यह समाधि आज भी अपने निर्माण की अनूठी शैली के कारण इतिहास और पुरातत्व में रुचि रखने वालों के लिए खास महत्व रखती है।
पत्नी ने पति की स्मृति में कराया था निर्माण
ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, 6 अगस्त 1898 को राजा कुंवर गिरधारी सिंह के निधन के बाद उनकी पत्नी रानी इंदर कंवर ने वर्ष 1898 में उनकी स्मृति में समाधि और बारादरी का निर्माण कराया था। लगभग 10 से 11 बीघे क्षेत्र में फैला यह परिसर अपने समय की स्थापत्य कला और निर्माण कौशल का परिचायक है।समाधि की बनावट इतनी विशिष्ट है कि पहली नजर में यह किसी प्राचीन मंदिर जैसी दिखाई देती है। इसके मध्य में मंदिरनुमा ऊंचा शिखर बना है, जिसके शीर्ष पर कलश जैसी आकृति है। चारों कोनों पर बने गुंबद इसकी सुंदरता को और बढ़ाते हैं। दीवारों पर की गई बारीक नक्काशी, लंबे बरामदे, मोटी दीवारें और विशेष बनावट वाली छत इस इमारत को विशिष्ट पहचान देते हैं। इसके निर्माण में चूना-सुर्खी का प्रयोग किया गया था।
अवध के प्रमुख तालुकेदारों में शामिल था असेनी स्टेट राजा कुंवर गिरधारी सिंह का परिवार अवध के प्रतिष्ठित तालुकेदार और प्रमुख कायस्थ जमींदार परिवारों में गिना जाता था। असेनी स्टेट की नींव उनके पूर्वज कुंवर बहादुर सिंह ने रखी थी। ऐतिहासिक विवरणों के मुताबिक, इस रियासत का विस्तार लखनऊ और बाराबंकी जिलों तक था। इसके अंतर्गत 10 गांव और पांच पट्टियां शामिल थीं।
‘एन इलस्ट्रेटेड एल्बम ऑफ द राजाज एंड तालुकेदार्स ऑफ अवध’ में भी कुंवर गिरधारी सिंह का उल्लेख गोकुलपुर, असेनी और भैंसोरा के तालुकेदार के रूप में मिलता है। बताया जाता है कि उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र में कई मंदिरों, कुओं, विद्यालयों और बारादरियों का निर्माण कराया था।
कभी गुलजार रहने वाली बारादरी आज बदहाली का शिकार
समय के साथ इस ऐतिहासिक परिसर की रौनक कम होती चली गई। उचित रखरखाव और देखरेख के अभाव में बारादरी के कई हिस्से खंडहर में तब्दील हो गए। प्रवेश द्वार जर्जर हो चुका है, दीवारों से प्लास्टर उखड़ रहा है और रंग-रोगन भी मिटने लगा है। परिसर में झाड़ियां उग आई हैं तथा कई हिस्सों में अतिक्रमण की समस्या भी सामने आई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, एक समय था जब दूर-दराज से लोग इस ऐतिहासिक स्थल को देखने आते थे। यहां सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियां भी होती थीं। लेकिन धीरे-धीरे उपेक्षा के कारण यह परिसर वीरान होता चला गया। आज इसकी दुर्दशा देखकर ग्रामीणों को इसके गौरवशाली अतीत की याद आती है।
12 जून 2026 की अधिसूचना से मिली राजकीय पहचान
लंबे समय से संरक्षण की मांग के बीच उत्तर प्रदेश शासन के संस्कृति अनुभाग ने अधिसूचना संख्या 1706/चार/2026, दिनांक 12 जून 2026 के माध्यम से राजा कुंवर गिरधारी सिंह की समाधि और बारादरी को संरक्षित स्मारक घोषित किया है।शासन के इस निर्णय से ऐतिहासिक इमारत के संरक्षण और पुनरुद्धार की उम्मीदें बढ़ गई हैं। योजना के तहत इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावना है, जिससे बाराबंकी की ऐतिहासिक विरासत को व्यापक पहचान मिल सकेगी।
लखनऊ-अयोध्या के बीच पर्यटन का नया पड़ाव बन सकती है बारादरी
बाराबंकी की यह ऐतिहासिक धरोहर लखनऊ से अयोध्या जाने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बन सकती है। यदि यहां व्यवस्थित जीर्णोद्धार, साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाती हैं तो यह स्थल जिले के पर्यटन मानचित्र पर महत्वपूर्ण स्थान हासिल कर सकता है।इससे स्थानीय युवाओं, दुकानदारों, गाइडों और छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं।अब जरूरत केवल राजकीय धरोहर घोषित करने तक सीमित रहने की नहीं, बल्कि इस ऐतिहासिक विरासत को उसके पुराने गौरव के अनुरूप संरक्षित करने की है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि शासन की पहल धरातल पर उतरेगी और आने वाली पीढ़ियां राजा कुंवर गिरधारी सिंह की इस ऐतिहासिक विरासत को करीब से देख और समझ सकेंगी।