आगरा संदेश महल समाचार।
उत्तर भारत के प्रसिद्ध ऐतिहासिक बटेश्वर मेले को दिव्य, भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बटेश्वर पहुंचकर मेला स्थल और यमुना घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
28 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। वहीं, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मुख्य स्नान पर्व आयोजित होगा।
जिलाधिकारी ने स्नान पर्व की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को यमुना घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पार्किंग, यातायात, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, महिला स्नानघर और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।मेले में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी और स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से संबंधित विभागों के अधिकारी आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके अलावा 18 नवंबर से संस्कृति विभाग की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।