गोरखपुर में 81 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित, सीएम योगी ने प्रदान किए राज्य और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार

नवाचार और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए शिक्षकों को मिला सम्मान


जेपी रावत/गोरखपुर संदेश महल समाचार

शिक्षक दिवस के अवसर पर गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 81 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, उत्कृष्ट कार्य और भावी पीढ़ी के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार 2025 और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार 2025 प्रदान किए गए।
सम्मानित किए गए 81 शिक्षकों में बेसिक शिक्षा विभाग के 61 तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल हैं। इनमें 33 महिला शिक्षक भी हैं। समारोह के दौरान 76 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों के 5 शिक्षकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का शिक्षकों ने किया उल्लेख
सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। शिक्षण संस्थानों में शिक्षा के स्तर के साथ-साथ संसाधनों में भी सुधार हुआ है।
शिक्षकों ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ नकल पर प्रभावी अंकुश लगा है। परीक्षाफल समय से जारी होने से माध्यमिक शिक्षा की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार आया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मान प्राप्त करने को अपने लिए गौरव का विषय बताया।
समारोह में सम्मानित शिक्षकों ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी है। उन्होंने भावी पीढ़ी को बेहतर शिक्षा और संस्कार देने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प जताया।