मिशन शक्ति अभियान अन्तर्गत समस्त थानों में नारी शक्ति को किया गया प्रशिक्षित

रिपोर्ट
सूर्य प्रकाश मिश्र
सीतापुर संदेश महल समाचार

मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत जनपद सीतापुर में पुलिस अधीक्षक आर.पी.सिंह द्वारा जनपद के समस्त थानो में महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा हेतु प्रशिक्षित किये जाने जूडो कराटे का भी प्रशिक्षण दिये जाने सम्बन्धी निर्देश दिये गये थे। जिसके अन्तर्गत जनपद के समस्त थानों में विभिन्न जगहों पर आत्मरक्षा हेतु प्रशिक्षण का वृहद अभियान चलाया गया।
आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का एक विशेष आयोजन थाना खैराबाद के चन्द्रा गेस्ट हाउस के बैंक्वेट हॉल में किया गया। जिसके मुख्य अतिथि जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज एवं विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक आर0पी0 सिंह कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न थानो से काफी संख्या में महिला आरक्षी एवं खैराबाद क्षेत्र की महिलाओं एवं बालिकाओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा हेतु जूडो कराटे के प्रशिक्षक श्री योगेश मिश्रा द्वारा महत्वपूर्ण टिप्स बताये गये। जिसके अन्तर्गत उन्होने बताया कि महिलाएं अपने आत्मविश्वास को बढ़ाकर किसी भी समस्या का सामना कर सकती है। कार्यक्रम में महिलाओं को बताया गया कि यदि किसी शरारती तत्व द्वारा उनके नुकसान पहुँचाये जाने की कोशिश की जाती है तो वह जोरदार शोर मचाकर उसका प्रतिकार करे। मौके पर उनके शोर करने से आस पास के जागरूक नागरिक सतर्क हो जाते है एवं यूपी 112 अथवा विभिन्न नम्बरो पर कॉल कर देते है जिससे संकट में फंसी महिला को त्वरित सहायता उपलब्ध हो जाती है। इसके अतिरिक्त महिलाएँ अपने बचाव में मिर्ची पाउडर भी अपने साथ रख सकती है। कार्यक्रम में महिला आरक्षी प्रभा पाण्डेय एवं महिला आरक्षी रीता द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि मिशन शक्ति आयोजन का हिस्सा बनकर वह काफी गौरवान्वित महसूस कर रही है। सी.एच.सी. खैराबाद में नियुक्त चिकित्सक सुश्री निधि पाण्डेय ने भी महिलाओ को निडर होकर अपनी समस्याओ को सामने रखने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज द्वारा बालिकाओं एवं महिलाओं को शक्ति के विभिन्न स्वरूपो के समान बताया एवं कहा कि अत्याचार होने पर महिलाएँ माँ दुर्गा का रूप धारण कर अत्याचारियों का नाश करने की क्षमता रखती है। अतएव समाज को चाहिए कि वह महिलाओं को उनका उचित सम्मान प्रदान करे। कार्यक्रम के अन्त में जूडो कराटे का प्रदर्शन करने वाली टीम को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से 5,000 नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। सीतापुर ताइक्वांडो एसोशिएशन के जिला सचिव श्री योगेश राज मिश्र की जूडो कराटे टीम में सम्मिलित बच्चो अभियोगेश राज मिश्रा, गौतम कुमार, गौरव कुमार, वीरांगना सिंह सेखवात, सतीश धूरिया, सूर्या गुप्ता, ईशू गुप्ता, पुष्टि राज मिश्रा की मौजूद सभी व्यक्तियो ने भूरि भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम के समापन में प्रभारी निरीक्षक खैराबाद श्री धर्म प्रकाश शुक्ला ने सभी आगन्तुको को कार्यक्रम में प्रतिभाग करने हेतु आभार ज्ञापित किया।
थाना क्षेत्र पिसांवा में सन्त सरजू महाविद्यालय के परिसर में महिला आरक्षियों द्वारा मौजूद छात्राओं एवं महिलाओं को आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण सबक सिखाये गये। कार्यक्रम में मौजूद प्रभारी निरीक्षक के.बी. सिंह एवं महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने छात्राओं को संकट के समय में डट कर मुकाबला करने एवं खुल कर अपनी बात रखने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में थाने की महिला आरक्षियो समेत महाविद्यालय की काफी संख्या में छात्राओ ने भाग लिया।
थाना कोतवाली परिसर में महिलाओं को जागरूक करने एवं आत्मरक्षा के गुण सिखाने हेतु एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें महिला उप निरीक्षक चैकी इन्चार्ज सिविल लाइन्स श्रीमती अर्चना मिश्रा ने मौजूद महिलाओं को हर परिस्थितियों में साहस बनाए रखने एवं शरारती तत्वों के विरूद्ध चुप्पी तोड़ने हेतु आवाह्न किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्री तेज प्रकाश सिंह ने यह बताया कि अभियान के दौरान महिलाओं को हर क्षेत्र में विकसित करने हेतु पुलिस विभाग द्वारा हर सम्भव प्रयास किया जा रहा है।
थाना मिश्रिख क्षेत्र के ग्राम आट में महिला सम्बन्धी अपराधों की रोकथाम एवं कानूनी प्रावधानो के बारे में प्रभारी निरीक्षक मिश्रिख द्वारा विस्तार से बताया गया। इसके अतिरिक्त महिलाओं को आत्मरक्षा हेतु प्रेरित करते हुए आत्मरक्षार्थ गुण भी बताए गए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, बी.डी.सी. के अतिरिक्त गांव की महिलाओं ने प्रतिभाग किया।थाना लहरपुर के ग्राम गौरैया में क्षेत्राधिकारी लहरपुर श्री यादवेन्द्र यादव द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें प्रभारी निरीक्षक लहरपुर एवं थाने पर नियुक्त महिला आरक्षियों समेत ग्राम में निवास करने वाली  महिलाओं ने प्रतिभाग किया। क्षेत्राधिकारी लहरपुर द्वारा बताया गया कि समाज में महिलाओं को समुचित अवसर दिये बिना समाज का समग्र विकास सम्भव नही है। महिलाओं के साथ लिंग के आधार पर भेदभाव किया जाना उनके अवसर को रोकने जैसा होगा।थाना क्षेत्र इमलिया सुल्तानपुर के सेवाश्रम इन्टर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को क्षेत्राधिकारी सदर श्री अभिषेक प्रताप अजेय द्वारा सम्बोधित किया गया। कार्यक्रम में उनके द्वारा बताया गया कि शासन द्वारा प्रचलित अभियान महिलाओं को सुरक्षा एवं सम्मान दिये जाने मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न टिप्स भी बताये गये। कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक इमलिया सुल्तानपुर श्री विनय सिंह एवं थाने में नियुक्त महिला आरक्षी उपस्थित रही।थाना महमूदाबाद अन्तर्गत सीता इन्टर कॉलेज में मिशन शक्ति कार्यक्रम के अन्तर्गत क्षेत्राधिकारी प्रशिक्षु श्री हेमन्त उपाध्याय के नेतृत्व में एक विस्तृत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त अभियान के अन्तर्गत चलाये जा रहे कार्यक्रमों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक महमूदाबाद श्री अनिल कुमार पाण्डेय, निरीक्षक श्री अरूण कुमार अस्थाना एवं थाने पर नियुक्त महिला आरक्षियो ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान आपात कालीन हेल्पलाइन नम्बर यूपी 112 के बारे में भी विस्तार से बताया गया।थाना क्षेत्र हरगांव के ग्राम रायपुर में प्रभारी निरीक्षक श्री विनोद कुमार मिश्रा द्वारा प्राइमरी स्कूल की बालिकाओं को गुड टच एवं बैड टच के बारे में विस्तार से बताया गया। छोटी बालिकाओं को यह बताया गया कि अन्जान व्यक्तियों द्वारा दिये जाने वाले प्रलोभनों में न आए एवं यदि कोई गलत हरकत करता है तो अपने माता पिता को अवश्य अवगत कराए। कार्यक्रम मे उपस्थित अभिभावको से अपील की गयी कि उनके छोटे बच्चो द्वारा यदि कोई गम्भीर बात शेयर का जाती है तो उसको पूरी संवेदनशीलता के साथ सुने एवं उसका निराकरण कराए।
थाना बिसवाँ क्षेत्र के ग्राम गुरेरा, थाना रामपुर कलां के ग्राम घइला व रहिका, थाना तम्बौर के लोहिया इण्टर कॉलेज, थाना सदरपुर के ग्राम हरैया, थाना रामपुर मथुरा के ग्राम मरौचा, थाना मछरेहटा के ग्राम सेनपुर, ग्राम थानगांव के ग्राम बैजवारी व मुजेहना, थाना सिधौली के ग्राम हरदोइया, थाना तालगांव के ग्राम पिपरी व ग्राम कसरैला, ग्राम संदना के ग्राम कोरोना, थाना रेउसा के ग्राम सेवता व सुपौली, थाना रामकोट के खगोसियामऊ, थाना अटरिया के ग्राम बनोगा में भी महिला जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें महिलाओं को उनके आत्मरक्षा हेतु महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गयी।