विवाद के बाद घायल युवक की आगरा ले जाते समय मौत

रिपोर्ट
पंकज शाक्य
मैनपुरी संदेश महल समाचार

बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद घायल युवक की आगरा ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने दर्ज मारपीट के मामले को हत्या की धाराओं में तरमीम कर लिया है।जिला मैनपुरी के थाना घिरोर क्षेत्र के मोहल्ला शाक्यान निवासी 28 वर्षीय ज्ञान सिंह मजदूरी करता था। 13 अक्तूबर को उसके बच्चों का पड़ोसी के बच्चों से विवाद हो गया था। शाम को जब वह घर वापस आया तो उसे घरवालों ने जानकारी दी। वह शिकायत करने पड़ोसी नत्थू के पास गया। इसी बात से नाराज नत्थू, तेजवीर,अमन और प्रेमपाल छत के रास्ते घर में घुस आए। दरवाजा बंद करने के बाद ज्ञान सिंह को लाठी-डंडे व लात घूंसों से पीटकर घायल कर दिया। परिजनों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवा कर 15 अक्तूबर को नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।रविवार की शाम ज्ञान सिंह की हालत बिगड़ गई। परिजन आगरा ले जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में तरमीम करने के साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद ज्ञान सिंह के पिता ने हल्का इंचार्ज पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब वे लोग शिकायत दर्ज कराने गए तो मामला दर्ज नहीं किया। दरोगा ने चार हजार रुपये की मांग रख दी। जब एसपी को प्रार्थना पत्र दिया, तब उनके आदेश पर 15 अक्तूबर को रिपोर्ट दर्ज हो सकी।प्रभारी निरीक्षक पहलवान सिंह ने बताया कि मामला घर में घुसकर पीटे जाने का नहीं था। दोनों पक्ष के बीच झगड़ा हुआ था। इसमें दोनों ओर से लोग घायल हुए थे। घायलों का मेडिकल कराया गया था। ज्ञान सिंह को कोई भी बाहरी चोट नजर नहीं आ रही थी। हो सकता है कि मारपीट के दौरान कोई अंदरूनी चोट लगी हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ज्ञात हो सकेगा।