हीराराम सैन
सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार,प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में आवश्यक संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री कल जयपुर में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम के क्रियान्वयन के संबंध में आयोजित गृह विभाग की उच्चस्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। श्री शर्मा ने कहा कि आमजन को सुरक्षा और शीघ्र न्याय के लिए राज्य सरकार ने कई नीतिगत निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गृह विभाग में खाली पदों को जल्द भरने तथा पदोन्नति करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि गृह विभाग आगामी वर्षों में रिक्त होने वाले पदों का भी पूरा विवरण तैयार करे जिससे कार्मिक के सेवानिवृत्त होते ही तुरंत भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा सके। मुख्यमंत्री ने आपराधिक गतिविधियों से संपत्तियां अर्जित करने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने को कह दिये। बैठक में गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढम, मुख्य सचिव सुधांश पंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल और अन्य प्रशासनिक तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।