डिजिटल अरेस्ट में लोगों ने गवांए 168 करोड़ रूपए विधानसभा में गूंजा मुद्दा

कार्यालय रायपुर संदेश महल
राज्य में डिजिटल अरेस्ट के बारह प्रकरण सामने आए है, जिनमें एक सौ अड़सठ करोड़ रूपए की ठगी की गई है। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने आज विधानसभा में एक प्रश्न के उत्तर में दी। प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक धरम लाल कौशिक ने प्रदेश में डिजिटल अरेस्ट के मामलों के बारे में जानना चाहा था। विधायक अजय चंद्राकर ने राज्य में साइबर क्राइम को रोकने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में पूछा। इस पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि एक सौ अड़सठ करोड़ रुपए की ठगी की राशि में से करीब पांच करोड़ बीस लाख रुपए की राशि पीड़ितों को वापस कराई गई है। गृहमंत्री ने बताया कि साइबर ठगी के मामले मेंं पुलिस ने तीन सौ सैंतालीस आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राज्य में साइबर भवन स्थापित किया गया है। साथ ही प्रदेश के सभी पांच पुलिस रेंज में साइबर थानों की स्थापना की गई है। सभी जिलों में साइबर सेल भी खोला गया है। उन्होंने बताया कि राज्य के छह पुलिस अधिकारी साइबर कमांडों की ट्रेनिंग ले रहे हैं।