मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर भरथापुर के लिए नया गांव बसाने की पहल

रणजीत सिंह
बहराइच संदेश महल समाचार
नेपाल सीमा से सटे जंगल व नदी किनारे बसे भरथापुर गांव को सुरक्षित स्थान पर बसाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। हाल में हुई नाव दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रामीणों के पुनर्वास के लिए नए गांव की स्थापना के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने मोतीपुर तहसील क्षेत्र के सेमरहना में चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व, पंचायत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थल का मुआयना कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जिलाधिकारी ने बताया कि चयनित भूमि पर भरथापुर के 118 परिवारों के लिए पक्के मकान, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, पार्क, पेयजल, सड़क मार्ग तथा पशुओं के लिए अलग स्थल सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।उन्होंने कहा कि प्रस्तावित गांव का पूरा नक्शा तैयार कर लिया गया है और दो माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संबंधित विभागों को जिम्मेदारियाँ सौंप दी गई हैं और कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है।जिलाधिकारी ने बताया कि सरकार का उद्देश्य भरथापुर के परिवारों को सुरक्षित वातावरण और बेहतर जीवन—दोनों उपलब्ध कराना है। नए गांव में बसाहट पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को दुर्गम व असुरक्षित क्षेत्र से स्थायी राहत मिलेगी।