भारत-नेपाल सीमा से संदिग्ध चीनी नागरिक गिरफ्तार

रणजीत सिंह
बहराइच संदेश महल
भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों ने कड़ी निगरानी के बीच सोमवार को एक संदिग्ध चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट के बाद सीमा पर सख़्ती बढ़ाई गई है, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।जानकारी के अनुसार, रुपैडिहा बॉर्डर चेकपोस्ट पर एसएसबी की टीम ने एक 49 वर्षीय चीनी नागरिक को भारत में अवैध तरीके से प्रवेश करते समय पकड़ा। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान चीन के हुनान प्रांत निवासी लियू कुंजिंग के रूप में हुई है। वह भारत में घुसने के लिए किसी भी वैध दस्तावेज़ को प्रस्तुत नहीं कर सका।सुरक्षा बलों ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति बॉर्डर क्षेत्र की वीडियोग्राफी कर रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन मोबाइल फोन, चीनी पासपोर्ट, पाकिस्तानी, नेपाली और वियतनाम के वीज़ा बरामद किए गए। एक फोन में भारत की कई संवेदनशील जगहों के वीडियो भी मिले हैं।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी 15 नवंबर को चीन से नेपाल टूरिस्ट वीज़ा पर आया, 22 नवंबर को नेपालगंज पहुंचा और इसके बाद 24 नवंबर को रुपैडिहा मार्ग से अवैध रूप से भारत में घुसा।सीओ नानपारा प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उसे हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई। उसके खिलाफ फॉरेनर्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।फिलहाल एसएसबी, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियाँ पूरे प्रकरण की विभिन्न कोणों से जांच कर रही हैं। पूछताछ पूरी होने के बाद चीनी नागरिक को जेल भेज दिया गया है।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी बॉर्डर क्षेत्र से दो विदेशी नागरिकों को अवैध रूप से घुसपैठ करते हुए पकड़ा गया था।