खेत में बथुआ बीनने गईं तीन नाबालिग लड़कियां रहस्यमय हालात में लापता गांव में मचा हड़कंप

रामनगर बाराबंकी संदेश महल
रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिछलखा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गांव की तीन नाबालिग लड़कियां अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं। जानकारी के अनुसार,तीनों बच्चियां शाम करीब चार बजे खेत में बथुआ बीनने गई थीं लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटीं।काफी देर तक उनके न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के खेतों, मेड़ों और गांव के निकटवर्ती इलाकों में तलाश शुरू की, लेकिन लड़कियों का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। खोजबीन के बाद भी बच्चियों के न मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती गई और घटना की जानकारी गांव में फैलते ही माहौल में दहशत पसर गई।गांव के लोग विभिन्न आशंकाएं व्यक्त करते हुए समूहों में इकट्ठा होकर खेतों व आस-पास के क्षेत्रों में खोज करने लगे। देर शाम तक तीनों बच्चियों का पता न लग पाने के कारण गांव में तनाव और भय का माहौल बना रहा।सूचना मिलते ही स्थानीय लोग पुलिस को खबर देने की तैयारी में जुट गए।