जेपी रावत
विहार संदेश महल समाचार
बिहार के गया जिले के बोधगया स्थित एक निजी होटल में आयोजित शादी समारोह उस समय अखाड़े में बदल गया, जब बारातियों और घरातियों के बीच रसगुल्ले की कमी को लेकर विवाद शुरू हो गया। घटना 29 नवंबर की बताई जा रही है, जिसकी CCTV फुटेज अब सामने आई है। मिठाई को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि कुछ ही मिनटों में दोनों पक्षों के बीच जबरदस्त मारपीट शुरू हो गई।
बारातियों को खाना परोसा जा रहा था, तभी मिठाई कम पड़ने की बात पर दोनों पक्षों में तकरार शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ ही देर में लात-घूंसे चलने लगे, कुर्सियां फेंकी जाने लगीं और जिसके हाथ में जो आया, वे उसी से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। मारपीट में कई लोग घायल हो गए और होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जयमाला से लेकर लगभग सभी रस्में पूरी हो चुकी थीं और सिर्फ मंडप में विवाह संपन्न होना बाकी था। लेकिन रसगुल्ले पर हुआ हंगामा इतना बढ़ गया कि शादी ही रद्द कर दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने बोधगया थाने में एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अब पूरी घटना की जांच में जुटी है।
दूल्हा पक्ष के पिता महेंद्र प्रसाद का कहना है कि विवाद सिर्फ रसगुल्ले की वजह से हुआ था, लेकिन दुल्हन पक्ष ने उन पर दहेज मांगने का झूठा आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया। उनका कहना है कि वे अब भी शादी कराने को तैयार थे, लेकिन दुल्हन पक्ष किसी भी हालत में राजी नहीं हुआ। दूल्हे की मां मुन्नी देवी ने आरोप लगाया कि जब समझौता होने ही वाला था, तभी दुल्हन पक्ष के लोग शादी के गहने उठाकर दुल्हन को लेकर होटल से फरार हो गए।
उधर, दुल्हन पक्ष की ओर से 1 दिसंबर को बोधगया थाने में दूल्हे के पिता और परिवार पर दहेज मांगने का गंभीर आरोप लगाया गया। दुल्हन के पिता ने दावा किया कि शादी में पहले ही 10 लाख रुपये दिए जा चुके थे, लेकिन जयमाला के दौरान दूल्हा पक्ष ने 2 लाख रुपये अतिरिक्त की मांग की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर चुकी है और CCTV फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की जांच जारी है।