कनाडा से डिपोर्ट होने के बाद बने नाजायज संबंध; डकैती का ड्रामा रचकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश नाकाम

पंजाब संदेश महल
पंजाब के फरीदकोट जिले के सुखनवाला गांव में एक खौफनाक हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। शादीशुदा महिला रूपिंदर कौर ने अपने ऑनलाइन बने प्रेमी हरकंवलप्रीत सिंह के साथ मिलकर अपने पति गुरविंदर सिंह की हत्या कर दी। हत्या को डकैती की वारदात का रूप देने की कोशिश भी की गई, लेकिन पुलिस की गहन जांच ने पत्नी की पूरी चाल उजागर कर दी।
रात के अंधेरे में 28 और 29 नवंबर की रात रूपिंदर कौर अचानक मकान की छत पर चढ़कर जोर-जोर से चिल्लाने लगी कि डकैतों ने उसके पति की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घर में बिखरा सामान और छत पर पड़ी गुरविंदर सिंह की लाश देखकर शुरुआत में पुलिस भी भ्रमित हो गई। लेकिन इसी बीच मृतक की बहन मनवीर कौर ने एक बड़ा खुलासा किया। उसने बताया कि उसके भाई ने पहले ही शक जताया था कि उसकी पत्नी और हरकंवलप्रीत सिंह किसी अनहोनी को अंजाम दे सकते हैं।

पुलिस ने जब रूपिंदर कौर से पूछताछ शुरू की तो वह लगातार अपना बयान बदलती रही। इस पर पुलिस को शक हुआ और जांच आगे बढ़ी। धीरे-धीरे खुलासा हुआ कि प्रेम संबंधों को रास्ते में आने से रोकने के लिए दोनों ने मिलकर गुरविंदर का गला दबाकर हत्या की और फिर शव को छत पर फेंककर डकैती का नाटक रच दिया।
रूपिंदर कौर और गुरविंदर सिंह का विवाह वर्ष 2023 में हुआ था। विवाह के बाद वह कनाडा चली गई थी, लेकिन 2024 में उसे वहां से डिपोर्ट कर दिया गया। इसी दौरान कनाडा से साथ ही डिपोर्ट हुए बल्लूआणा निवासी हरकंवलप्रीत सिंह के साथ उसके अवैध संबंध बन गए। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी और योजना धीरे-धीरे हत्या तक पहुंच गई।
डीएसपी तिरलोचन सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी रूपिंदर कौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके प्रेमी हरकंवलप्रीत की तलाश जारी है। पुलिस इसे नाजायज संबंध, विश्वासघात और लालच से जुड़ा ब्लाइंड मर्डर केस मान रही है, जिसकी परतें खुलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।