हिमांशु यादव
मैनपुरी संदेश महल समाचार
थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम कासगंज, पोस्ट कुचेला में जमीन पर अवैध कब्ज़े और जबरन चक मार्ग निकालने के विवाद में एक परिवार महीनों से परेशान है। पीड़ितों ने सीओ और एसडीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि दबंग लगातार धमकियां दे रहे हैं और पुलिस अभी तक कोई कदम नहीं उठा रही।ग्राम कासगंज निवासी सत्यभान पुत्र बक्स सिंह ने बताया कि उनकी मां चमेली पत्नी बक्स सिंह के नाम मौजा कुचेला की गाटा संख्या 2409 दर्ज है। उक्त भूमि पर उनका वर्षों से कब्ज़ा है। आरोप है कि गांव के ही रामतीर्थ पुत्र लज्जाराम, दिनेश, प्रवेश, विवेक, शिवदेस पुत्र राजेंद्र, अंकुर पुत्र उमेश चंद्र सहित कई लोग जबरन कब्ज़ा करने और खेत के बीच से रास्ता निकालने की कोशिश में लगे हैं।
पीड़ित के अनुसार क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा कराई गई अभिलेखीय जांच में भी साफ लिखा है कि गाटा संख्या 2409 पर कोई रास्ता या चक मार्ग दर्ज नहीं है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष मारपीट और धमकियों के बल पर कब्ज़े की कोशिश कर रहा है।सत्यभान का कहना है कि उसका भाई भारतीय सेना में तैनात है। सुरक्षा को लेकर उसने 30 नवंबर 2025 को थाना दन्नाहार में प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि विपक्षी लोग पहले ही गाटा संख्या 2407, जो कि ग्राम पंचायत की भूमि (मरघट) है, पर अवैध कब्ज़ा कर चुके हैं और वहां ऊपले-खंडे रखकर निजी उपयोग कर रहे हैं।परिवार जिलाधिकारी सीओ, एसडीएम और थाना प्रभारी तक कई बार गुहार लगा चुका है, लेकिन सुनवाई न होने से पीड़ितों में रोष है। उनका सवाल है कि जब एक फौजी का परिवार ही सुरक्षित नहीं है, तो आम ग्रामीण न्याय कैसे पा सकेंगे।परिवार ने जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा क्या बाबा की पुलिस इतनी कमजोर हो गई है कि दबंगों पर लगाम नहीं लग पा रही?