मेरठ संदेश महल
सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड और अपहरण मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आरोपी पारस सोम ने पुलिस के सामने स्वीकार किया है कि उसने रूबी के अपहरण की पूरी पटकथा करीब एक सप्ताह पहले ही तैयार कर ली थी। रूबी की शादी तय होने की जानकारी मिलने के बाद वह बौखला गया था।
पुलिस के अनुसार, कपसाड़ गांव निवासी रूबी का रिश्ता 15 दिन पहले तय हो गया था और आगामी दो अप्रैल को उसकी शादी होनी थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। इसी बीच यह जानकारी आरोपी पारस सोम को मिली, जिसके बाद उसने रूबी को अगवा करने की योजना बनाई।
विरोध करने पर मां की हत्या
घटना बृहस्पतिवार सुबह की है, जब रूबी अपनी मां सुनीता के साथ खेत में गन्ने की छिलाई के लिए जा रही थी। रजबहे की पटरी के पास आरोपी पारस सोम अपने साथी सुनील और अन्य लोगों के साथ कार से पहुंचा और रूबी को जबरन अगवा करने का प्रयास किया। मां सुनीता ने विरोध किया तो आरोपी ने फरसे से उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुनीता की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
सात घंटे की पूछताछ में कई राज खुले
एसएसपी के मुताबिक, आरोपी पारस सोम से करीब सात घंटे तक पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस का कहना है कि पारस बेहद शातिर किस्म का अपराधी है और वह पहले भी अपने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर चुका है। छोटी-छोटी बातों पर आक्रोशित हो जाना उसकी आदत में शामिल है।
पुलिस रूबी से भी अलग-अलग पूछताछ कर रही है। दोनों के बयानों में विरोधाभास सामने आने पर पुलिस घटनाक्रम के आधार पर तथ्यों का मिलान कर रही है।
तीसरे दिन रुड़की से बरामद हुई रूबी
रूबी की तलाश में मेरठ पुलिस की दस टीमें लगाई गई थीं। शनिवार शाम करीब 6:15 बजे सर्विलांस इनपुट के आधार पर हरिद्वार जनपद की पुलिस ने पारस सोम को रुड़की रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ रूबी भी सुरक्षित मिल गई। पुलिस के अनुसार, दोनों हरिद्वार भागने की तैयारी में थे। देर रात करीब 10:30 बजे दोनों को मेरठ लाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी रूबी को लेकर सहारनपुर के नागल क्षेत्र में अपने एक रिश्तेदार के यहां दो दिन तक रुका था। इसके बाद वह हरिद्वार जाने की फिराक में रुड़की रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया।
भाई ने जताई बयान बदलवाने की आशंका
रूबी के भाई नरसी कुमार ने बहन की बरामदगी के बाद पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें आशंका है कि पुलिस दबाव बनाकर उसकी बहन का बयान बदलवा सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उन्होंने पुलिस से अपील की कि रूबी पर किसी तरह का दबाव न डाला जाए।
नरसी कुमार ने भावुक होते हुए कहा, “मां अब इस दुनिया में नहीं रही। बहन डरने की जरूरत नहीं है, उसके साथ लाखों लोग खड़े हैं। हमें तब ही चैन मिलेगा जब वह सुरक्षित घर लौट आएगी।