पीएन सिंह
बाराबंकी संदेश महल
विकासखंड सूरतगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसारी में बीते पंचवर्षीय कार्यकाल के लगभग चार वर्षों में ग्राम प्रधान चंद्रपाल यादव के नेतृत्व में विकास कार्यों ने गांव की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। कभी बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझने वाला यह गांव आज विकास की मिसाल बनता नजर आ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार पूर्व में नाली, खड़ंजा, पेयजल, प्रकाश व साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव था, जिससे ग्रामीणों को दैनिक जीवन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। लेकिन वर्तमान ग्राम प्रधान के कार्यकाल में नाली निर्माण, खड़ंजा, इंटरलॉकिंग सड़कें, पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय, कूड़ा निस्तारण केंद्र, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट तथा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
ग्रामीण सुनील कुमार, पुतान समेत आधा दर्जन ग्रामीणों ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व गांव की स्थिति बेहद दयनीय थी, जबकि आज गांव में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता ने जीवन को आसान बना दिया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया गया, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को राहत मिली है।
ग्राम प्रधान द्वारा वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन के पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने के साथ-साथ छतविहीन परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाया गया, जिसे ग्रामीणों ने सराहनीय कदम बताया। इसके लिए ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के साथ-साथ केंद्र व राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिक्षा व प्रशासनिक ढांचे में भी सुधार देखने को मिला है। पंचायत भवन की वॉल बाउंड्री का निर्माण, विद्यालयों में रंग-रोगन व पुताई, मिड-डे-मील व मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में सुधार से शिक्षा का माहौल बेहतर हुआ है।
ग्रामीणों का मानना है कि ग्राम पंचायत बसारी में हुए विकास कार्यों का सीधा असर आगामी पंचायत चुनाव में देखने को मिलेगा। कुल मिलाकर ग्राम प्रधान चंद्रपाल यादव के कार्यकाल में बसारी गांव विकास के पथ पर मजबूती से आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है।