बाराबंकी संदेश महल
थाना रामनगर क्षेत्र की पुलिस चौकी सुढ़ियामऊ अंतर्गत ग्राम जफरपुर में दो पक्षों के बीच मारपीट की एक गंभीर घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जनवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे गांव निवासी चंद्रभान सिंह पुत्र दिग्विजय सिंह ग्राम प्रधान के घर जा रहे थे, तभी रास्ते में गांव के ही रहने वाले पिंटू, मंडे और कल्लू वर्मा ने पुरानी रंजिश के चलते उन्हें रोक लिया।आरोप है कि उक्त लोगों ने चंद्रभान सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित द्वारा पुलिस को दिए गए लिखित प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि पहले उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, इसके बाद जान से मारने की नीयत से लात-घूंसों, लाठी-डंडे व बांका से हमला कर दिया गया। हमले में चंद्रभान सिंह के दाहिने पैर समेत पूरे शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।घटना की सूचना पर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।