मूर्ति स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने किया गोरख अमृत धारा का लोकार्पण

सीतापुर संदेश महल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सीतापुर स्थित तपोधाम में सतगुरु गिरधारी नाथ जी महाराज आश्रम में आयोजित मूर्ति स्थापना दिवस समारोह में नवनिर्मित भवन एवं गोरख अमृत धारा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन किया तथा आयोजित भव्य भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
मुख्यमंत्री ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि तपोधाम जैसे पावन स्थलों का भव्य निर्माण और लोकार्पण सनातन संस्कृति की निरंतर जीवंतता का प्रमाण है। उन्होंने सभी संत-महात्माओं एवं देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति कर रहा है और आज विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर चुका है। बीते 11 वर्षों में भारत एक वैश्विक शक्ति बनकर सामने आया है। उन्होंने ऐतिहासिक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि किस प्रकार विदेशी आक्रांताओं ने भारत की अर्थव्यवस्था, उद्योग-धंधों और गुरुकुल शिक्षा प्रणाली को क्षति पहुंचाई, किंतु आज देश पुनः विकास के पथ पर अग्रसर है।मुख्यमंत्री ने सनातन संस्कृति की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि अनेक सभ्यताएं समय के साथ समाप्त हो गईं, लेकिन सनातन सभ्यता निरंतर नए वैभव के साथ आगे बढ़ती रही है। वसुधैव कुटुंबकम् के सिद्धांत पर आधारित यह संस्कृति न केवल मानव बल्कि समस्त चराचर जगत के कल्याण की बात करती है। उन्होंने सामाजिक समरसता और एकता बनाए रखने का आह्वान किया तथा विभाजनकारी तत्वों से सतर्क रहने की अपील की।उन्होंने कहा कि आस्था का सम्मान और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। कुंभ मेले को वैश्विक पहचान मिली है और यूनेस्को की सांस्कृतिक विरासत सूची में उसका स्थान दर्ज हुआ है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, विंध्यवासिनी धाम, मथुरा-वृंदावन एवं नैमिषारण्य क्षेत्र में चल रहे विकास कार्य सनातन परंपरा के पुनर्जागरण का प्रतीक हैं।मुख्यमंत्री ने गुरु-शिष्य परंपरा का उल्लेख करते हुए चाणक्य और चंद्रगुप्त मौर्य के उदाहरण दिए। साथ ही उन्होंने योगी गिरधारी नाथ जी की हिंगलाज धाम से सीतापुर के तपोधाम तक की आध्यात्मिक यात्रा, उनकी साधना और आश्रम स्थापना के ऐतिहासिक महत्व को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान महंत योगी तेजनाथ जी द्वारा इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।


कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा सदस्य महंत बालकनाथ योगी, आश्रम के महंत योगी तेजनाथ जी, कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु विधायक रामकृष्ण भार्गव, ज्ञान तिवारी मनीष रावत, शशांक त्रिवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर,नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी,भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।