113 नगरीय निकायों के लिए 8 मई को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

जयपुर राजस्थान संदेश महल
राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के शेष 113 नगरीय निकायों में चुनाव की तैयारी तेज करते हुए मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन 13 अप्रैल को किया जाएगा, जबकि 14 अप्रैल को वार्डों एवं मतदान केंद्रों पर इसका पठन कराया जाएगा।
आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन या आपत्तियों के लिए 27 अप्रैल तक दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। प्राप्त दावों का निस्तारण 3 मई तक कर लिया जाएगा। इसके बाद 8 मई को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
उधर, प्रदेश के 196 नगरीय निकायों में मतदाता सूची के अद्यतन की प्रक्रिया पहले से जारी है, जिसकी अंतिम सूची 22 अप्रैल को जारी होगी।
निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि इस बार मतदाता सूची को अधिक व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके लिए 1 जनवरी 2025 को प्रकाशित विधानसभा मतदाता सूचियों को आधार बनाकर वार्डवार सूची तैयार की जा रही है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाता भी सूची में अपना नाम जुड़वा सकेंगे।