विद्यालयों में नए सत्र की शुरुआत, कहीं प्रवेशोत्सव तो कहीं शिक्षक सम्मान समारोह

बाराबंकी संदेश महल समाचार
विकास खंड सूरतगंज में परिषदीय विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र का आगाज उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। विभिन्न विद्यालयों में नव प्रवेश वार्षिक उत्सव, अंकपत्र वितरण, नव प्रविष्ट छात्रों का स्वागत तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए गए।उच्च प्राथमिक विद्यालय सूरतगंज में आयोजित कार्यक्रम खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेखर हयारण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नव प्रवेशी छात्रों का रोली-चंदन कर प्रवेश कराया गया, वहीं ग्राम प्रधान अरविन्द कुमार ने बच्चों को माला पहनाकर स्वागत किया।अधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा विद्यालय में उत्कृष्ट उपस्थिति वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों को नियमित विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया, जबकि मुख्य अतिथि ने स्कूल चलो अभियान की शुरुआत करते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित स्कूल भेजने की अपील की। कार्यक्रम में छात्रों को नई पुस्तकों का वितरण भी किया गया।
वहीं विकास खंड के मोहम्मदपुर खाला स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में सेवानिवृत्त शिक्षक विनोद कुमार सिंह के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अरविन्द प्रताप सिंह, जूनियर हाईस्कूल संघ के ब्लॉक अध्यक्ष जयराज सिंह, अजीत प्रताप सिंह, एआरपी भूपेंद्र प्रताप सिंह तथा प्रधान प्रतिनिधि अमर दीप सिंह ने स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया।कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शिक्षक अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।