मकावल पंचायत में शौचालय बदहाल, लाखों खर्च के बावजूद नहीं हो पाए चालू

सिरोही राजस्थान संदेश महल
ग्राम पंचायत मकावल में पंचायत भवन और सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। सरकार द्वारा लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए शौचालय आज तक चालू नहीं हो सके हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

पंचायत भवन के अंदर बने शौचालयों में वर्षों से सफाई नहीं हुई है। अंदर गंदगी का अंबार लगा है और पानी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे ये पूरी तरह अनुपयोगी हो चुके हैं। स्थिति ऐसी है कि शौचालयों के पास जाना भी मुश्किल हो रहा है।वहीं, पंचायत भवन के बाहर मुख्य मार्ग के पास बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों की हालत और भी खराब है। शौचालयों के आसपास झाड़ियां उग आई हैं और चारों ओर कूड़ा-कचरा फैला हुआ है। अंदर-बाहर कहीं भी साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं है और पानी की सुविधा पूरी तरह से नदारद है। इससे न केवल अस्वच्छता फैल रही है, बल्कि स्थानीय लोगों और राहगीरों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि जब पंचायत भवन में अधिकारी और जनप्रतिनिधि आते हैं, तो उनके लिए भी शौचालय की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग इस स्थिति को नजरअंदाज कर रहे हैं, तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यह स्थिति पंचायत स्तर पर लापरवाही और सरकारी धन के दुरुपयोग को दर्शाती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल संज्ञान लेकर शौचालयों की साफ-सफाई कराई जाए, पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और बंद पड़े शौचालयों को जल्द चालू किया जाए।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे इस मामले को जिला प्रशासन के समक्ष उठाने के लिए बाध्य होंगे।