तराई की मिट्टी से उठी एक नई पहचान- प्रतिमा की सफलता और समाज का आईना

जेपी रावत
संपादक- संदेश महल

सफलता की कहानियाँ केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का बखान नहीं करतीं, वे उस समाज की दिशा और दशा को भी उजागर करती हैं, जहाँ से वे जन्म लेती हैं। सिरौलीगौसपुर की तराई में सरयू नदी के किनारे बसे शेषपुर टूटरु गांव की प्रतिमा सिंह की उपलब्धि भी ऐसी ही एक कहानी है-जो संघर्ष, संकल्प और सामाजिक बदलाव की नई तस्वीर पेश करती है।एक किसान परिवार की बेटी, जिसकी परवरिश खेतों की हरियाली और सीमित संसाधनों के बीच हुई हो, वह जब नायब तहसीलदार जैसे जिम्मेदार पद तक पहुँचती है, तो यह केवल एक परीक्षा में सफलता नहीं होती-यह उस सोच की जीत होती है, जो बेटियों को अवसर देने में विश्वास रखती है।प्रतिमा सिंह ने दूसरी बार के प्रयास में 54वीं रैंक हासिल कर यह साबित किया कि असफलता अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत होती है। यह सफलता उन तमाम युवाओं के लिए संदेश है, जो पहली बाधा पर ही हार मान लेते हैं। उनका यह सफर बताता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास के आगे परिस्थितियाँ भी झुक जाती हैं।उनके पिता राकेश सिंह, जो खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, की आँखों में गर्व साफ झलकता है। यह गर्व केवल एक पिता का नहीं, बल्कि उस पूरे वर्ग का है, जो अपने बच्चों के सपनों को साकार करने के लिए दिन-रात मेहनत करता है। प्रतिमा की सफलता उस विश्वास को मजबूत करती है कि अगर परिवार का साथ और शिक्षा का अवसर मिले, तो बेटियाँ किसी भी मुकाम को हासिल कर सकती हैं।यह कहानी केवल प्रेरणा नहीं देती, बल्कि समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश भी देती है—कि ग्रामीण भारत की बेटियाँ अब सीमाओं को स्वीकार करने के बजाय उन्हें तोड़ रही हैं। वे अब केवल घर की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रशासनिक सेवाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।आज जरूरत इस बात की है कि हम प्रतिमा सिंह जैसी बेटियों की सफलता को अपवाद न बनने दें, बल्कि इसे एक सामान्य परंपरा में बदलें। इसके लिए शिक्षा, संसाधनों और अवसरों तक समान पहुंच सुनिश्चित करनी होगी।प्रतिमा सिंह की यह उपलब्धि एक नई सुबह का संकेत है-जहाँ तराई के गांवों से उठकर बेटियाँ न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे समाज का नाम रोशन कर रही हैं। यह केवल एक पद की प्राप्ति नहीं, बल्कि उस सोच की जीत है, जो कहती है।बेटी अगर ठान ले, तो वह इतिहास भी लिख सकती है।