भारी गर्मी में पेयजल संकट से भटाना को मिली राहत, उपखंड प्रशासन ने कराया समाधान

भटाना/सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रही पेयजल समस्या से जूझ रहे भटाना गांव को आखिरकार राहत मिल गई है। रेवदर उपखंड प्रशासन ने ग्राम पंचायत के माध्यम से पेयजल संकट के समाधान की दिशा में कदम उठाते हुए आमजन को बड़ी राहत प्रदान की है।
जानकारी के अनुसार भटाना ग्राम पंचायत के प्रशासक भवानी सिंह देवड़ा ने गत दिनों आयोजित ग्राम रथ शिविर में रेवदर उपखंड अधिकारी के समक्ष क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। ग्रामीणों ने भी गांव में पानी की भारी किल्लत को लेकर प्रशासन से त्वरित समाधान की मांग की थी।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपखंड अधिकारी ने संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद पेयजल व्यवस्था को सुचारु करने की दिशा में कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन की पहल से गांववासियों को राहत मिलने लगी है।
ग्रामीणों ने इस जनहितैषी पहल के लिए रेवदर उपखंड प्रशासन, भटाना ग्राम पंचायत प्रशासक भवानी सिंह देवड़ा तथा समस्या को प्रमुखता से उठाने पर “संदेश महल” का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रशासन की सक्रियता से बड़ी परेशानी से राहत मिली है।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी प्रशासन इसी प्रकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेगा।