पैतृक जमीन बेचने और धोखाधड़ी के मामले में मंडार थाने में शिकायत दर्ज

भटाना/सिरोही राजस्थान संदेश महल

सिरोही जिले के मंडार थाना क्षेत्र में पैतृक जमीन बेचने और कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गोरेली निवासी एक व्यक्ति ने अपने सगे भाई के खिलाफ मंडार थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोरेली निवासी बाबूलाल पुत्र रांची कोली ने मंडार थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसके सगे भाई पोपट पुत्र रांची और अन्य लोगों ने उनके पिता को बहला-फुसलाकर पैतृक जमीन बेच दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि उक्त जमीन में उसके तीन भाई, चार बहनें और माता भी सह-खातेदार हैं, बावजूद इसके बिना सभी की सहमति के जमीन का सौदा किया गया।
प्रार्थी ने आरोप लगाया कि उसके पिता को कथित रूप से घर में बंधक बनाकर रखा गया और दबाव बनाकर जमीन से संबंधित कार्यवाही करवाई गई। मामले को लेकर परिवार में तनाव का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में मंडार थाना प्रभारी Praveen Kumar Acharya ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामला दर्ज कर जांच भटाना चौकी प्रभारी फगलूराम विश्नोई को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।