उ0प्र0 पोल्ट्री कॉनक्लेव-2026 का शुभारंभ अंडा उत्पादन में आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम

लखनऊ, संदेश महल समाचार
प्रदेश को अंडा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने तथा पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उ0प्र0 पोल्ट्री कॉनक्लेव-2026 का शुभारंभ लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन एस.पी. सिंह बघेल, धर्मपाल सिंह तथा दिनेश प्रताप सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दो दिवसीय कॉनक्लेव में पोल्ट्री पालक, उद्यमी, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, पशुचिकित्सक विशेषज्ञ एवं छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
केंद्रीय राज्यमंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश को पोल्ट्री हब बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि कॉनक्लेव के माध्यम से नई तकनीकों और नवाचारों की जानकारी साझा की जा रही है, जिससे पोल्ट्री क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।
वहीं, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण और संसाधन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने उद्यमियों से पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश करने का आह्वान किया।
उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भी पोल्ट्री सेक्टर को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि यह कॉनक्लेव हितधारकों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जिससे पोल्ट्री क्षेत्र को नई गति मिलेगी।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में प्रदेश में लगभग 611 करोड़ अंडों का उत्पादन हुआ है, जिसमें करीब 29.88% की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश में पोल्ट्री विकास को बढ़ावा देने के लिए उ0प्र0 कुक्कुट विकास नीति-2022 लागू की गई है, जिसके तहत अब तक 256 इकाइयों को स्वीकृति दी जा चुकी है और 1 करोड़ रुपये तक ब्याज प्रतिपूर्ति का प्रावधान है।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशु चिकित्सा अधिकारियों, पोल्ट्री अधिकारियों और उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया।