जयपुर राजस्थान संदेश महल समाचार
सप्त शक्ति कमान का 22वां स्थापना दिवस जयपुर स्थित जयपुर मिलिट्री स्टेशन में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। वर्ष 2005 में स्थापित यह कमान भारतीय सेना की सातवीं और सबसे युवा कमान मानी जाती है।
इस अवसर पर आर्मी कमांडर मनजिंदर सिंह ने सभी सैन्य कर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कमान के आदर्श वाक्य ‘सर्वदा विजयी भव’ के अनुरूप पश्चिमी सीमाओं की सुरक्षा में जवानों के समर्पण और उत्कृष्ट योगदान की सराहना की।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ‘प्रेरणा स्थल’ पर आयोजित समारोह में चीफ ऑफ स्टाफ पी.एस. शेखावत ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान जयपुर मिलिट्री स्टेशन और जवाहर कला केंद्र में सिम्फनी बैंड कॉन्सर्ट आयोजित किए गए। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने सैनिकों और आमजन में जोश और प्रेरणा का संचार किया।
इस अवसर पर सेना के गौरवशाली इतिहास और परंपराओं को भी याद किया गया।