बाराबंकी संदेश महल समाचार
जिले में बुधवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में युवक समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटनाएं रामसनेहीघाट और मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में हुईं। हादसों के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत
रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोहम्मदपुर चौराहे के पास बुधवार करीब 11 बजे हुए हादसे में 23 वर्षीय वैभव शुक्ला उर्फ गोलू (निवासी मिश्रिपुरवा, गाजीपुर) की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि वैभव बाइक से भिटरिया की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और कुछ ही देर में दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
बाइक की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ की गई जान
वहीं सूरतगंज कस्बे में आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के सामने बाइक की टक्कर से 60 वर्षीय अशोक पेंटर (निवासी दानपुरवा) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद राहगीरों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत बिगड़ने पर सीएचसी सूरतगंज ले जाया गया। वहां डॉक्टर डॉ. शेख रिजवान ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कस्बा इंचार्ज उमेश वर्मा के अनुसार हादसा करने वाली बाइक की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांवों में मातम का माहौल है।