शिक्षिका काजल वर्मा ने बच्चों को भेंट की डेस्क पेश की मिसाल

बाराबंकी संदेश महल समाचार
जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल सामने आई है। मसौली ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल इचौलिया में सहायक अध्यापिका काजल वर्मा ने अपने निजी संसाधनों से लगभग 11 हजार रुपये खर्च कर तीन डेस्क खरीदकर विद्यालय के बच्चों को दान कर दीं। उनके इस कार्य की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल

बताया जाता है कि बाल वाटिका के लिए शिशु डेस्क की आपूर्ति सूची में इस विद्यालय का नाम शामिल नहीं था। जब बच्चों ने अन्य विद्यालयों की डेस्क की तस्वीरें देखीं तो उन्होंने अपनी प्रिय शिक्षिका से भी डेस्क लाने का आग्रह किया। बच्चों के लगातार आग्रह पर काजल वर्मा ने अपने वेतन से तीन डेस्क खरीदकर विद्यालय को उपलब्ध कराईं।
इस पहल से बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा है और विद्यालय में बैठने की व्यवस्था भी बेहतर हुई है। शिक्षिका का यह योगदान न केवल विद्यार्थियों बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणादायक बन गया है।
इस सराहनीय कार्य के लिए गुलजार फाउंडेशन, कमला नारायण ट्रस्ट, सरदार पटेल समाजोत्थान ट्रस्ट और आंखें फाउंडेशन सहित कई संस्थाओं ने शिक्षिका को सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
खण्ड शिक्षा अधिकारी मसौली जैनेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग का प्रयास है कि विद्यालयों के प्रति सामुदायिक जुड़ाव बढ़े। उन्होंने कहा कि काजल वर्मा का यह कार्य न केवल छात्रों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाएगा, बल्कि समाज को भी प्रेरणा देगा।