सिरोही/रेवदर संदेश महल समाचार। सिरोही जिले के भटाना, पादर, मकावल और दतानी ग्राम पंचायत क्षेत्रों में बढ़ते पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पानी की गंभीर समस्या को देखते हुए ग्राम पंचायत भटाना के प्रशासक भवानी सिंह देवड़ा ने रेवदर उपखंड अधिकारी राजन कुमार लोहिया को ज्ञापन सौंपकर तत्काल पानी के टैंकर शुरू करवाने की मांग की थी। इसके बाद उन्होंने दूरभाष पर भी अधिकारियों को समस्या की गंभीरता से अवगत कराया।
प्रशासक भवानी सिंह देवड़ा ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बारिश नहीं होने के कारण ट्यूबवेल और कुओं का जलस्तर काफी नीचे चला गया है। इसके चलते गांवों में पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर महिलाओं को भीषण गर्मी में दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ग्राम रथ अभियान के दौरान आयोजित संध्या चौपालों में भी ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए टैंकर शुरू करवाने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी उपखंड प्रशासन रेवदर की होगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखंड अधिकारी राजन कुमार लोहिया ने जलदाय विभाग की टीम को भटाना, मकावल, पादर और दतानी क्षेत्रों में भेजा। इस दौरान पंचायत प्रशासक भवानी सिंह देवड़ा ने अधिकारियों को मौके पर स्थिति से अवगत कराया।
उपखंड अधिकारी राजन कुमार लोहिया ने बताया कि 14 मई को टैंकर संचालन के प्रस्ताव जिला परिषद को भेज दिए गए हैं। स्वीकृति मिलते ही प्रभावित ग्राम पंचायतों में पानी के टैंकर शुरू करवा दिए जाएंगे, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि बढ़ती गर्मी के बीच पानी की समस्या अब विकराल रूप लेती जा रही है और समय रहते समाधान नहीं हुआ तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।